भिलाई के फल मंडी स्थित श्री बीरा सिंह मल्टी स्पेशालिटी हॉस्पिटल में जरूरतमंद डायलिसिस मरीजों के लिए संचालित की जा रही नि:शुल्क सेवा क्षेत्र में मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है। सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं हॉस्पिटल डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह की पहल पर पिछले चार वर्षों से लगातार यह सेवा बिना किसी शुल्क के संचालित की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को जीवनदान मिल रहा है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस सेवा के अंतर्गत अब तक कुल 496 मरीजों का नि:शुल्क डायलिसिस किया जा चुका है। किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए डायलिसिस एक नियमित और महंगा उपचार होता है, जिसे हर सप्ताह या महीने में कई बार कराना पड़ता है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च उठाना अत्यंत कठिन हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल द्वारा यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
केवल डायलिसिस ही नहीं, बल्कि अस्पताल द्वारा मरीजों के उपचार के दौरान आने वाले अन्य खर्चों का भी वहन किया जाता है। कई मरीज दूर-दराज क्षेत्रों से इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में उनकी जांच, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में भी सहयोग प्रदान किया जाता है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाती है, ताकि उपचार किसी भी कारण से प्रभावित न हो।
अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य है कि कोई भी मरीज केवल आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे। इस सेवा का लाभ भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों को मिल चुका है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
स्थानीय लोगों एवं मरीजों के परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि इस तरह की सेवाएं जरूरतमंदों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी इस सेवा को निरंतर जारी रखने और अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक इसका लाभ पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया है।