भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने अब जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सेहत पर भी गंभीर असर डालना शुरू कर दिया है। दुर्ग जिले सहित भिलाई क्षेत्र में इन दिनों तापमान तेजी से बढ़ रहा है और मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे हालातों में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर पालिका निगम भिलाई के महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सीजू एंथोनी ने स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात कर विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मंत्री के समक्ष विस्तार से बताया कि प्रचंड गर्मी, तेज धूप और लू जैसे हालातों के कारण बच्चों का स्कूल आना-जाना बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले के कई विद्यालयों में अभी भी दो पालियों (शिफ्ट) में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। सुबह से ही पड़ने वाली तीखी धूप और दोपहर की असहनीय गर्मी के बीच बच्चों को स्कूल पहुंचना और वापस घर लौटना काफी कष्टदायक साबित हो रहा है। खासकर स्कूल बसों और अन्य वाहनों से यात्रा करने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, और कई मामलों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
स्थिति को और अधिक गंभीर बनाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पीलिया (जॉन्डिस) जैसे संक्रामक रोग के फैलाव की खबरें भी सामने आई हैं। ऐसे में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ने और संक्रमण के खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सीजू एंथोनी ने इस पूरे मुद्दे को जनहित से जोड़ते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, और ऐसे हालातों में विद्यालयों में अवकाश घोषित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस संबंध में शासन स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और 20 अप्रैल से अवकाश घोषित करने पर विचार किया जा रहा है।
इस दौरान जावेद खान, आर.बी. के. राव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।