ईद-उल-फितर के मौके पर आज शनिवार को जामा भिलाई के सभी मस्जिदों सहित जामा मस्जिद सेक्टर 6 भिलाई में काफी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और सबने मिलकर ईद की नमाज अदा की। सभी लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
इस मौके पर भिलाई नगर मुस्लिम समाज के प्रमुख जन सहित पूर्व मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी , विधायक देवेंद्र यादव, अय्यूब खान सचिव प्रदेश कांग्रेस छत्तीसगढ़ सिख समाज और अन्य समाज के लोग भी पहुंचे बधाई देने।
कांग्रेस प्रदेश सचिव अयूब खान ने बताया कि एक महीने के रोजे रखने के बाद ईद का दिन आता है, इसलिए इसका इंतजार हर किसी को रहता है। ये दिन अल्लाह की तरफ से एक खास इनाम होता है। पूरे महीने सब्र, इबादत और खुदा की बंदगी करने के बाद ये खुशी का दिन नसीब होता है। यही वजह है कि लोग इसे बहुत प्यार और इज्जत के साथ मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि ईद का असली पैगाम मोहब्बत फैलाना है। सिर्फ अपने लिए खुश होना नहीं, बल्कि उन लोगों को भी खुशी देना है जो किसी वजह से खुशी नहीं मना पाते, जैसे गरीब लोग या जरूरतमंद लोग। उनकी मदद करना, उनके साथ बैठना, उन्हें भी अपने साथ शामिल करना यही असली ईद है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलजुल कर रहना चाहिए और समाज में प्यार और भाईचारा बढ़ाना चाहिए।
त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दुर्ग जिले की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए और लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
ईद का यह पावन अवसर देशभर में भाईचारे, एकता और आपसी प्रेम का संदेश देता नजर आया, जहां धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर लोग खुशियां साझा करते दिखाई दिए।