महादेव घाट पर गूंजेगा अद्वैत का शंखनाद, शंकराचार्य प्राकट्य दिवस पर भव्य आयोजन
रायपुर। सनातन धर्म के पुनरुद्धारकर्ता और अद्वैतवाद के प्रणेता आदिगुरु शंकराचार्य जी के प्राकट्य दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज द्वारा 21 अप्रैल 2026, मंगलवार को राजधानी रायपुर के पावन महादेव घाट पर भव्य आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेशभर से सामाजिक और धार्मिक जन बड़ी संख्या में शामिल होकर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाएंगे।
यह आयोजन महंत चिंतामणि गिरी जी के सानिध्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम में समाज के संस्थापक रमन गिरी एवं ओंकार पुरी, भगवताचार्य सुरेंद्र गिरी महाराज तथा संरक्षक उमेश भारती गोस्वामी और डॉ. अशोक गिरी विशेष रूप से उपस्थित रहकर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत विशाल भगवा शोभायात्रा से होगी, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आदिगुरु शंकराचार्य जी की पूजा-अर्चना की जाएगी। उत्सव के दौरान ‘शिव महात्म्य’ पर भक्तिमय प्रवचन, अद्वैत दर्शन पर विद्वानों के व्याख्यान, समाज के पुजारियों का सम्मान तथा श्रद्धालुओं को अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरण किया जाएगा।
सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए विवाह योग्य युवक-युवतियों का मंचस्थ परिचय, प्रतिभाओं का सम्मान और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।
समाज के प्रांताध्यक्ष काशीपुरी कुंदन, महासचिव उमेश गिरी, कोषाध्यक्ष प्रशांत गिरी, कार्यक्रम समन्वयक पोखराज बन, संयोजक बद्री पुरी सहित प्रदेशभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में महादेव घाट पहुंचकर प्राकट्य उत्सव में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी भारद्वाज गिरी ने दी।