भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत टाउनशिप में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के सेक्टर-4 चौक के पास सुबह एक तेज रफ्तार केटीएम बाइक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। बाइक में सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भिलाई भट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक 10वीं कक्षा का छात्र है, जो सेक्टर-3 निवासी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान का बेटा है। वह अपने दोस्त के साथ टाउनशिप में घूमने निकला था।
प्रारंभिक जांच में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ाने की भी बात कही गई है।