कांकेर NH-30 पर भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 6 की मौत, 3 गंभीर, एसपी निखिल राखेचा मौके पर पहुंचे
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों कारों की टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद कारों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मौके पर पहुंचे एसपी, घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज कांकेर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान की जा रही
पुलिस के अनुसार हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 3 घायल गंभीर स्थिति में हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। घायलों के बयान के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
हादसे के कारणों की जांच जारी
एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हुई है, जिसमें 6 लोगों की मौत और 3 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।