दुर्ग में हमसफर एक्सप्रेस में अवैध शराब का खुलासा, एसी कोच अटेंडेंट गिरफ्तार
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस (22868) के एक एसी कोच अटेंडेंट को अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखने और यात्रियों को परोसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, RPF दुर्ग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हमसफर एक्सप्रेस में तैनात एक कोच अटेंडेंट बड़ी मात्रा में शराब लेकर चल रहा है और यात्रियों को अवैध रूप से परोस रहा है। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट दुर्ग के प्रभारी ने तत्काल आबकारी विभाग से संपर्क किया और संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने का इंतजार किया गया।
जैसे ही ट्रेन दुर्ग स्टेशन पहुंची, टीम ने कोच नंबर B-7 में तैनात एसी अटेंडेंट रीमन दास की पहचान कर उसे हिरासत में लिया और उसके सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान उसके बैग से छुपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। जब उससे शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका।
बरामद शराब में 3 फुल बोतल व्हिस्की, 1 फुल बोतल वोडका, 2 क्वार्टर व्हिस्की और 18 कैन बीयर शामिल हैं। कुल मिलाकर 12.236 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,140 रुपये बताई गई है।
संयुक्त टीम ने शराब को जब्त कर आरोपी अटेंडेंट को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और ट्रेनों में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।