शारदा विद्यालय, रिसाली में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह
शारदा विद्यालय, रिसाली में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह एवं गौरवपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय संजय ओझा की उपस्थिति थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगे गुब्बारों के आकाश में उड़ते ही पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक देशभक्ति गीत, भावपूर्ण कविता पाठ एवं जोशीले नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बालवाटिका के बच्चों ने तिरंगे परिधान में मनमोहक प्रस्तुति एवं नृत्य के माध्यम से देशप्रेम की सुंदर अभिव्यक्ति दी। विद्यार्थियों की रंगारंग एवं ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय संजय ओझा ने वन्देमातरम के 150 वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एवं स्वतंत्रता को परिभाषित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारे अधिकार ही नहीं बताती, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और प्रतिभा के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें ।
विद्यालय प्राचार्य रुद्रकांत झा ने भी अपने उदबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज आवश्यकता है, समाज प्राचीन भारत के संस्कारों को पहचाने और नई पीढ़ी सही दिशा की ओर आगे बढ़े । उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समूचा समारोह राष्ट्रप्रेम अनुशासन और उत्साह का सुंदर संगम रहा तथा विद्यार्थियों ने “ देश सर्वोपरि “ की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विपिन कुमार चेयरमैन स्कूल मैनेजिंग कमेटी, मैनेजर ममता ओझा, हेड मिस्ट्रेस पुष्पा सिंह, सीनियर मिस्ट्रेस शेष्टि राव, गतिविधि प्रभारी पूजा बब्बर तथा प्रतीक ओझा ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं विद्यार्थियों में मिठाई वितरण के साथ हुआ।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।