महापौर नीरज पाल की मौजूदगी में खुला चन्द्रा मौर्य रोड अंडरब्रिज-358, छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू
भिलाई नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भिलाई नगर के नागरिकों को आवागमन की सुविधा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चन्द्रा मौर्य रोड अंडरब्रिज क्रमांक-358 (RUB), वार्ड क्रमांक-30 को 15 अगस्त 2026 से छोटे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। अंडरब्रिज का शुभारंभ महापौर नीरज पाल की उपस्थिति में मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा एवं जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता की मौजूदगी में किया गया।
अंडरब्रिज के छोटे वाहनों के लिए खुलने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों के बीच आने-जाने में समय की बचत होगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसे आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में शुरू किया गया है।
नगर निगम द्वारा अंडरब्रिज की संरचना एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों के प्रवेश के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। अंडरब्रिज में 2.55 मीटर से कम ऊंचाई वाले छोटे वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित ऊंचाई से अधिक वाले वाहनों तथा भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
नगर निगम ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अंडरब्रिज में लगे प्रतिबंधों और यातायात संकेतों का अनिवार्य रूप से पालन करें। भारी वाहनों के प्रवेश से अंडरब्रिज की संरचना को नुकसान पहुंचने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसलिए भारी वाहन चालक निर्धारित प्रतिबंध का पालन करते हुए आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
अंडरब्रिज में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अधिकतम गति सीमा 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वाहन चालकों से अपेक्षा की गई है कि वे गति सीमा का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और अन्य राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
महापौर नीरज पाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अंडरब्रिज का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करें और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अंडरब्रिज में निर्धारित ऊंचाई सीमा, गति सीमा एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का पालन करने से अंडरब्रिज की संरचना सुरक्षित रहेगी और नागरिकों को लंबे समय तक सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।